मोटिवेशनल स्पीकर और टीचर अवध ओझा AAP में शामिल, लड़ेंगे दिल्ली विधानसभा चुनाव….
नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी में आज एक बड़ा चेहरा शामिल हुआ है| उनका नाम अवध ओझा है| यूपीएससी टीचर और मोटिवेशनल स्पीकर अवध ओझा आज आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए| पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने ओझा को पार्टी की सदस्यता दिलाई| अवध ओझा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा नाम हैं| कहा जा रहा है कि वह 2025 में दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे|
इससे पहले अवध ओझा लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी से प्रयागराज से टिकट मांग चुके हैं| इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस से भी अमेठी से लड़ने के लिए टिकट मांगी थी| इसके इतर उन्होंने ये भी दावा किया था कि मायावती ने उन्हें टिकट का ऑफर किया है लेकिन उनके इस बयान पर मायावती की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई| वहीं, अब अवध ओझा AAP के शरण में आए हैं|
कौन हैं UP के गोंडा में जन्मे अवध ओझा?
अवध ओझा इतिहास के बड़े जानकार हैं और उसी की तैयारी भी कराते हैं| अवध ओझा का जन्म 3 जुलाई 1984 को यूपी के गोंडा में हुआ था| उनके पिता माता प्रसाद ओझा पोस्टमास्टर थे और उनकी मां वकील थीं| ओझा की शुरुआती पढ़ाई लिखाई गोंडा से ही हुई| ओझा को बचपन से आईएएस बनने का ख्वाब था| ग्रेजुएशन के बाद ओझा यूपीएससी की तैयारी के लिए दिल्ली आ गए|
उन्होंने खूब तैयारी की लेकिन वो यूपीएससी क्रैक नहीं कर पाए| इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद में दोस्त की कोचिंग में पढ़ाना शुरू किया| धीरे-धीरे वो लोकप्रिय होते गए| शुरुआत में उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा लेकिन बाद उन्होंने पढ़ाने के तरीके को बदला और यही तरीका छात्रों को भा गया| अपने पढ़ाई के तरीकों की वजह से अवध ओझा सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहते हैं|
वो एक दम आम भाषा में छात्रों को पढ़ाते हैं| ओझा कई बड़े आईएएस संस्थानों में पढ़ा चुके हैं| ओझा अपना यूट्यूब चैनल भी चलाते हैं| अवध ओझा क्लासेस नाम से वो कोचिंग भी चलाते हैं| इलके अलावा वो IQRA IAS के फाउंडर भी हैं|