मुख्यमंत्री ने नन्ही प्रतिभाओं की सराहना की: भव्या और भविषा कोटडिया राज्य की नई प्रतिभाएं जिनकी उपलब्धियों ने सबको किया प्रेरित
रायपुर : आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय में 6 वर्षीय भव्या कोटडिया और 3 वर्षीय भविषा कोटडिया से मुलाकात की। इस मुलाकात में बच्चियों के माता-पिता भी उपस्थित थे। भव्या ने अपने अद्वितीय कौशल के माध्यम से अविष्कारकों के नामों को कंठस्थ किया है, और उनका नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस में दर्ज है। उन्होंने 50 अविष्कारकों के नाम केवल 1 मिनट 35 सेकंड में बताकर यह अद्भुत उपलब्धि हासिल की।
वहीं, उनकी छोटी बहन भविषा ने भी कमाल दिखाया है। केवल 3 वर्ष की आयु में, उन्होंने 100 देशों की राजधानियों के नाम 2 मिनट 21 सेकंड में बता कर वर्ल्डवाइड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स में अपनी जगह बनाई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इन नन्ही प्रतिभाओं की इस छोटी उम्र में हासिल की गई बड़ी उपलब्धियों के लिए उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इन बच्चियों का उज्जवल भविष्य निश्चित है, और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर बच्चियों के पिता श्री गौरव कोटडिया ने मुख्यमंत्री को अपनी बेटियों की उपलब्धियों के प्रमाण पत्र और मेडल दिखाते हुए गर्व से उनकी सफलता का जिक्र किया। इस खास मौके पर बच्चियों की माता श्रीमती नमिता कोटडिया भी उपस्थित थीं, जिन्होंने अपनी बेटियों की प्रेरणादायक यात्रा का समर्थन किया।
यह मुलाकात न केवल बच्चियों के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर थी, बल्कि राज्य के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रयासरत हैं।
