NATIONALPOLITICAL

महाराष्ट्र-झारखंड चुनाव की तारीखों का ऐलान आज, EC करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस

नई दिल्ली | चुनाव आयोग आज यानी मंगलवार को एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। दोपहर साढ़े तीन बजे होने वाली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो सकता है। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है, जबकि झारखंड का कार्यकाल अगले साल 5 जनवरी को समाप्त हो रहा है |

https://x.com/ANI/status/1846027475135951123

चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा करने वाला है | यह घोषणा दोपहर 3: 30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की जाएगी | अक्टूबर महीने के आखिर में और नवंबर के पहले सप्ताह में दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहार हैं | इसे देखते हुए चुनाव आयोग नवंबर के दूसरे सप्ताह में मतदान की तारीख तय कर सकता है |

इससे मतदाताओं, विशेष रूप से त्योहारों के लिए अस्थायी रूप से पलायन करने वालों को अपने पंजीकृत मतदान स्थानों पर लौटने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा | उम्मीद है कि चुनाव आयोग कई राज्यों के उपचुनाव की घोषणा भी कर सकता है | विभिन्न राज्यों की 45 से अधिक विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है |

साथ ही केरल में चर्चित वायनाड और पश्चिम बंगाल में बशीरहाट की लोकसभा सीटों के लिए उपचुनाव भी शामिल हैं | वायनाड की सीट राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद खाली हुई, जबकि बशीरहाट उपचुनाव तृणमूल सांसद शेख नूरुल इस्लाम की मृत्यु के कारण होना है | चुनाव आयोग इस वर्ष झारखंड में कम चरणों में मतदान का आयोजन कर सकता है | इससे पहले चुनाव आयोग ने जम्मू- कश्मीर में चुनाव कराए हैं |

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाला गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 81 सीट पर चुनाव लड़ेगा। सोरेन ने झामुमो की केंद्रीय समिति की बैठक के बाद पार्टी की चुनावी तैयारियों पर भरोसा जताया और आश्वासन दिया कि गठबंधन राज्य में फिर से सत्ता हासिल करेगा। सोरेन ने बैठक के बाद कहा कि मैंने  सभी कार्यकर्ताओं और कार्यकारी समिति के सदस्यों के साथ झामुमो केंद्रीय समिति की बैठक में भाग लिया। हमने अपनी चुनाव तैयारियों की समीक्षा की और हमें विधानसभा चुनाव जीतने का भरोसा है। झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन सभी 81 सीट पर चुनाव लड़ेगा।

इस बीच खबर है कि महाराष्ट्र में सत्ताधारी गठबंधन महायुति में सीटों का बंटवारा लगभग पूरा हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, महायुति गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर जो सहमति बनी है, उसके मुताबिक भाजपा राज्य की 288 विधानसभा सीटों में से 158 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।  एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को बंटवारें के तहत 70 सीटें मिल सकती हैं और अजित पवार की एनसीपी को 50 सीटें देने की पेशकश की गई है। अभी गठबंधन में सीएम चेहरे का एलान नहीं करने का फैसला किया गया है और चुनाव तक एकनाथ शिंदे ही चेहरा होंगे।