5 राज्यों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
नई दिल्ली : मौसम विभाग ने आज महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ भागों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज के साथ वर्षा होने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
देश के पूर्वोत्तर-क्षेत्र में अगले छह दिनों के दौरान पचास किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार में कल तक यह स्थिति बनी रहेगी।
आंध्र प्रदेश में आज, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और तेलंगाना में कल तथा महाराष्ट्र और केरल में इस महीने की 12 तारीख तक वर्षा और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
उत्तराखंड में अगले छह दिनों तक हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में आज ओले पड़ने का भी अनुमान व्यक्त किया है।
इस बीच देश के पूर्वी और प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में आज और कल गर्म हवाएं चलेंगी। तमिलनाडु, केरल और तेलंगाना में भी आज मौसम गर्म रहने का अनुमान है। कर्नाटक और गोवा में आज तथा गुजरात, आंध्र प्रदेश, पुद्दुचेरी और केरल में इस महीने की 10 तारीख तक उमस भरा मौसम रहेगा।
मौसम विभाग ने कहा कि अगले तीन-चार दिनों के दौरान देश के उत्तरी और पश्चिमी भागों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है।