प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मई को नवनिर्मित संसद भवन राष्ट्र को समर्पित करेंगे
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मई को नवनिर्मित संसद भवन राष्ट्र को समर्पित करेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें नए संसद भवन के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया।

नए संसद भवन का निर्माण कार्य अब पूरा हो गया है और नया भवन आत्मनिर्भर भारत की भावना का प्रतीक है।
वर्तमान संसद भवन 1927 में बनकर तैयार हुआ था, जो अब लगभग सौ साल पुराना होने जा रहा है। इस भवन में वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप स्थान की कमी महसूस की जा रही थी। दोनों सदनों में सांसदों के बैठने की सुविधाजनक व्यवस्था का भी अभाव था जिससे सदस्यों की कार्यकुशलता प्रभावित हो रही थी।
इस बात को ध्यान में रखते हुए, लोकसभा और राज्यसभा दोनों ने प्रस्ताव पारित कर सरकार से संसद के लिए नई इमारत बनाने का आग्रह किया। दस दिसंबर 2020 को प्रधानमंत्री ने संसद के नए भवन की आधारशिला रखी।
