शरद पवार ने NCP अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा
नई दिल्ली : शरद पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। उनके इस एलान के बाद सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि अब पार्टी की बागडोर किसके हाथ में जाएगी। इस पद के लिए शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले को पवार का उत्तराधिकारी माना जाता है लेकिन अजित पवार भी प्रतिद्वंद्वी के तौर पर देखे जाते हैं। ऐसे में पार्टी अध्यक्ष पद के लिए इन दोनों नेताओं के बीच मुकाबला होना तय है।
अगला अध्यक्ष कौन?
शरद पवार का ऐलान ऐसे समय पर आया है, जब महाराष्ट्र में पिछले दिनों ये खबरें आईं थीं कि अजित पवार BJP में शामिल हो सकते हैं। शरद पवार के इस्तीफा देने के बाद अब सवाल ये है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का अगला मुखिया कौन होगा?
कयास लगाए जा रहे हैं कि उनके भतीजे अजीत पवार अगले अध्यक्ष हो सकते हैं, लेकिन इसको लेकर पार्टी की ओर से अधिकारिक तौर पर कोई नाम सामने नहीं आया है।
‘अब मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा’
अपने फैसले को लेकर शरद पवार ने कहा, ‘मैंने NCP के अध्यक्ष के रूप में काम करना बंद करने का फैसला लिया है। मैं अब से राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में काम करना जारी रखूंगा ‘
शरद पवार ने कहा, ‘राज्यसभा में मेरा 3 साल का कार्यकाल शेष है। मैं अब से चुनाव नहीं लड़ूंगा. इन तीन वर्षों में, मैं राज्य और देश से संबंधित मुद्दों पर अधिक ध्यान केंद्रित करूंगा। मैं कोई अतिरिक्त जिम्मेदारी नहीं लूंगा ‘
उन्होंने कहा, ‘मैंने अपना राजनीतिक जीवन 1 मई, 1960 को शुरू किया था। कल हमने मजदूर दिवस मनाया। इस लंबे राजनीतिक जीवन के बाद, किसी को भी कहीं रुकने के बारे में सोचना चाहिए. लालची नहीं होना चाहिए।
मैं इतने वर्षों के बाद कभी किसी पद से चिपके रहने वाली स्थिति में नहीं रहूंगा। आप शायद असहज महसूस कर रहे होंगे, लेकिन लेकिन मैंने NCP प्रमुख के पद से रिटायर होने का फैसला किया है।
