कोविड महामारी के कारण दो वर्ष के अंतराल के बाद, सउदी अरब में हज यात्रा शुरू

नई दिल्ली :- सउदी अरब में पांच दिन का वार्षिक हज शुरू हो गया है। पूरी दुनिया के लगभग दस लाख हज यात्री आज शहर मक्‍का से चल कर मिना में जमा हो रहे हैं। इस वर्ष हज में भारत से 79 हजार से अधिक हजयात्री शामिल हो रहे हैं। इस साल केवल 65 वर्ष से कम उम्र और कोविडरोधी टीके लगवा चुके लोगों को ही हज करने की अनुमति दी गई है।

जायरीन आज की रात मीना में गुजारेंगे और हज की मुख्‍य रस्‍म अदा करने के लिए कल तडके अराफात के मैदान पहुंचेंगे।

पिछले वर्ष महामारी के कारण वार्षिक हज में सउदी अरब के नागरिक ही शामिल हुए थे। लगभग साठ हजार स्‍थानीय निवासियों ने हज की रस्‍में अदा की थीं।

कोरोना महामारी फैलने से पहले 2019 में लगभग 25 लाख लोगों ने हज किया था, जिसमें भारत के दो लाख हज यात्री शामिल हुए थे।