ग्यारह राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में आज से पोलियो टीकाकरण 2022 अभियान शुरू होगा
नई दिल्ली :- पोलियो टीकाकरण 2022 अभियान आज से ग्यारह राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में शुरू होगा। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इस वर्ष का पहला उप-राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पांच वर्ष से कम आयु के लगभग तीन करोड़ नौ लाख बच्चों को पोलियो प्रतिरोधक खुराक पिलाकर शुरू होगा।
यह अभियान बिहार, चंडीगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में शुरू किया जा रहा है। इस अभियान का लक्ष्य बच्चों को पोलियो खुराक देना है। यह कार्य पोलियो केन्द्रों, घर-घर जाकर और मोबाइल तथा ट्रांजिट टीम के माध्यम से किया जाएगा।
सरकार ने इस नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में बच्चों को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करने के लिए इंजेक्शन से निष्क्रिय किये गए पोलियो वायरस वैक्सीन की शुरुआत की है।
मंत्रालय ने कहा है कि भारत को मार्च, 2014 में पोलियो मुक्त प्रमाणित किया गया था, लेकिन बाहर से या वैक्सीन से उत्पन्न पोलियो वायरस के उभरने का जोखिम वैश्विक उन्मूलन तक बना रहता है। इसलिए देश में अधिक से अधिक लोगों को पोलियो प्रतिरोधक खुराक देने और निरन्तर निगरानी बनाए रखने की जरूरत है।
मंत्रालय ने कहा कि भारत सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत अतिरिक्त वैक्सीन शुरू करके बच्चों को वैक्सीन से बचाव वाले रोगों से अधिक से अधिक सुरक्षा देने के प्रयास कर रहा है। मंत्रालय ने सभी अभिभावकों से पांच वर्ष से कम आयु के अपने बच्चों को पोलियो प्रतिरोधक खुराक दिलाने की अपील की है।
