प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली में प्रगति मैदान एकीकृत ट्रांजिट कॉरिडोर परियोजना की मुख्य सुरंग और पांच अंडरपास राष्ट्र को समर्पित करेंगे
नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह दिल्ली में प्रगति मैदान एकीकृत ट्रांजिट कॉरिडोर परियोजना की मुख्य सुरंग और पांच अंडरपास राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक सभा को भी संबोधित करेंगे।
यह परियोजना प्रगति मैदान पुनर्विकास परियोजना का हिस्सा है। इसे नौ सौ बीस करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है। इसका उद्देश्य प्रगति मैदान में विकसित किए जा रहे नई विश्व स्तरीय प्रदर्शनी और कन्वेंशन सेंटर तक निर्बाध और आसान पहुंच प्रदान करना है।
मुख्य सुरंग, प्रगति मैदान से होते हुये पुराना किला रोड के जरिए रिंग रोड को इंडिया गेट से जोड़ती है। यह परियोजना यातायात की सुचारू आवाजाही के लिए स्मार्ट फायर प्रबंधन, आधुनिक वेंटिलेशन और स्वचालित जल निकासी, डिजिटल रूप से नियंत्रित सीसीटीवी और सुरंग के अंदर सार्वजनिक घोषणा प्रणाली जैसे नवीनतम वैश्विक सुविधाओं से लैस है।
