सिख समुदाय ने भारत और अन्य देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में बडी भूमिका निभाई –प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि न्यू इंडिया नए आयाम छू रहा है और विश्व को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी इसका एक बड़ा उदाहरण है।
उन्होंने यह भी कहा कि महामारी की शुरुआत में कुछ लोग इस पर काबू पाने की भारत की कुशलता को लेकर आशंकित थे। लेकिन, देश अब विश्व में सबसे बड़ा वैक्सीन निर्माता बन कर उभरा है।
उन्होंने कहा कि अब लोग भारत का उदाहरण देते हैं। मोदी ने कहा कि महामारी की अवधि के दौरान भारत विश्व में विशाल स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र में से एक बन कर भी उभरा है।
प्रधानमंत्री ने कल शाम अपने निवास स्थान पर सिखों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सिख समुदाय के प्रयासों और भूमिका की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि सिख समुदाय ने भारत और अन्य देशों के बीच संबंध मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सिख गुरुओं के योगदान का स्मरण करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सिख गुरुओं ने साहस का पाठ पढ़ाया और लोगों के बीच सेवा की भावना का संचार किया।
मोदी ने यह भी कहा कि गुरुनानक देव जी ने समूचे राष्ट्र की आत्मा को जागृत किया और पूरे राष्ट्र को प्रकाश का रास्ता दिखा कर अंधकार से बाहर निकाला। प्रधानमंत्री ने कहा कि सिख परम्परा वास्तव में एक भारत – श्रेष्ठ भारत की एक जीवंत परम्परा है।
प्रधानमंत्री ने सिख समुदाय के तीर्थ स्थलों को बेहतर ढांचे से जोड़ने में सरकार की विभिन्न पहल पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज लाखों श्रद्धालुओं को करतारपुर साहिब गलियारे से जुड़े गुरुद्वारे में श्रद्धा अर्पित करने का अवसर मिल रहा है।
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। प्रतिनिधि मंडल में समाज के विभिन्न वर्गों के सदस्य उपस्थित थे।
