रमज़ान का पवित्र महीना आज से शुरू

नई दिल्ली :- देश के कई हिस्सों में कल शाम चांद दिखने के साथ ही रमजान का पवित्र महीना आज से शुरू हो गया। कल रात बड़ी संख्या में लोगों ने तरावीह की नमाज़ पढ़ी। आज रोज़े (उपवास) का पहला दिन है।

रमज़ान इस्लामिक कैलेण्डर का नवां महीना होता है और रमज़ान के 30 रोज़े पूरे होने के बाद ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाता है।

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने रमज़ान का पवित्र महीना आरंभ होने पर लोगों को बधाई दी है। नायडू ने एक ट्वीट में कहा रमज़ान का महीना ईश्वर में आस्था, जीवन में पवित्रता और गरीबों के प्रति करुणा का प्रतीक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि रमजान लोगों के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रमजान का पवित्र महीना शुरू होने पर शुभकामनाएं दी हैं।  मोदी ने एक ट्वीट संदेश में आशा व्‍यक्त की कि रमजान का यह महीना लोगों को गरीबों की सेवा करने के लिए प्रेरित करेगा। साथ ही यह हमारे समाज में शांति, सद्भाव और करुणा की भावना को बढ़ाएगा।