प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – नेपाल में रूपे कार्ड शुरू होने से दोनों देशों के बीच आर्थिक संपर्क बढ़ेगा

नई दिल्ली :- भारत और नेपाल के बीच चार समझौता ज्ञापनों पर हस्‍ताक्षर किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा की कल नई दिल्‍ली में प्रतिनिधिमण्‍डल स्‍तर की वार्ता के दौरान ये समझौते किए गये। बैठक में दोनों नेताओं ने आपसी साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की। दोनों देशों के बीच सहयोग विस्‍तार के बारे में भी विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर मोदी और देउबा ने कई परियोजनाओं का संयुक्‍त रूप से उद्घाटन किया। उन्‍होंने बिहार के जयनगर और नेपाल के कुरथा के बीच यात्री रेलगाडी को झण्‍डी दिखाकर रवाना किया। उन्‍होंने संयुक्‍त रूप से सोलू कॉरीडोर- 132 किलोवॉट क्षमता की बिजली पारेषण लाइन और नेपाल में बिजली उप-केन्‍द्र का भी उद्घाटन किया।

संयुक्‍त संवाददाता सम्‍मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि देउबा ने दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में प्रमुख भूमिका निभाई है। उन्‍होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच ऐसे आपसी संबंध दुनिया में कहीं भी नहीं हैं।

मोदी ने यह भी कहा कि नेपाल में रूपे कार्ड शुरू होने से हमारे आर्थिक सम्‍पर्क में एक नया अध्‍याय जुडेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बीच सुरक्षा और संरक्षा संस्‍थानों के बीच सहयोग को और अधिक सुदृढ करने पर बल दिया।

नेपाल के प्रधानमंत्री देउबा ने कहा कि भारत-नेपाल संबंधों के विभिन्‍न पहलुओं पर मैत्रीपूर्ण और सार्थक बातचीत हुई। उन्‍होंने दोनों देशों के बीच मैत्री संबंधों को और प्रगाढ करने के लिए विचार विमर्श किया।