औषधि महानियंत्रक ने 12 से 18 वर्ष के किशोरों के लिए कोविड वैक्‍सीन कॉर्बेवैक्स के आपात उपयोग की मंजूरी दी

नई दिल्ली :- भारत के औषधि महानियंत्रक ने 12 से 18 वर्ष आयुवर्ग के किशोरों के लिए कोरोना रोधी टीका कोर्बेवैक्स के आपात उपयोग को मंजूरी दे दी है। इस टीके को हैदराबाद की फार्मास्‍यूटिकल कंपनी बायोलॉजिकल-ई ने विकसित किया है।

यह रिसेप्टर बाइंडिंग डोमेन प्रोटीन सब यूनिट आधारित पहला स्वदेशी कोरोना रोधी टीका है। इससे पहले इस टीके को पिछले वर्ष दिसंबर में वयस्कों के लिए आपात उपयोग की अनुमति दी गई थी। इस टीके की 28 दिन के अंतराल पर दो डोज दी जाएगी। इसे दो से आठ डिग्री सेल्सियस तापमान में रखा जाएगा।

नीति आयोग के स्वास्थ्य संबंधी मामलों के सदस्य डॉ. वी.के. पॉल ने बताया कि कोर्बेवैक्स को मंजूरी मिलने के साथ ही देश में अब बच्चों के लिए दो टीके उपलब्ध होंगे। इनमें से कोवैक्सीन को पहले ही 15 से 18 वर्ष आयुवर्ग के किशोरों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।