संसद का बजट सत्र कल राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के दोनों सदनों को संबोधित करने के साथ शुरू होगा

नई दिल्ली :- संसद के बजट सत्र से पहले राज्‍यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू ने सदन की कार्यवाही सुचारू सुनिश्चित करने के लिए कल सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक वर्चुअल माध्‍यम से होगी। सरकार ने भी बजट सत्र के सुचारू संचालन के लिए सभी राजनीतिक दलों की कल ही सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक भी कोविड की स्थिति को देखते हुए वर्चुअल माध्‍यम से होगी। लोकसभा और राज्‍यसभा के राजनीतिक दलों के सदन के नेताओं को बैठक में बुलाया गया है।

बजट सत्र कल राष्‍ट्रपति राम नाथ कोविंद के संसद के दोनों सदनों को संबोधित करने के साथ शुरू होगा। वर्ष 2021-22 का आर्थिक सर्वेक्षण कल ही संसद में रखा जाएगा। वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन पहली फरवरी को केंद्रीय बजट पेश करेंगी।

संसद के दोनों सदन कोविड सुरक्षा मानकों का पालन सुनश्चित करने के लिए पारी में काम करेंगे। यह नियम 2 फरवरी से लागू होंगे। राज्‍यसभा की कार्यवाही सुबह 10 बजे से दिन में तीन बजे तक और लोकसभा की कार्यवाही शाम चार बजे से रात नौ बजे तक चलेगी।

बजट सत्र का पहला भाग 11 फरवरी तक चलेगा। एक महीने के अंतराल के बाद सत्र का दूसरा भाग 14 मार्च से शुरू होगा और आठ अप्रैल को सत्र संपन्‍न हो जाएगा।