भारत का पाकिस्‍तान से संचालित फर्जी खबरें फैलाने वाले सोशल मीडिया प्‍लेटफार्म पर कडा प्रहार, 35 यूट्यूब चैनल और दो वेबसाइट बंद

नई दिल्ली :- केन्द्र ने भारत विरोधी फर्जी और विघटनकारी सूचना फैलाने के कारण 35 यूट्यूब चैनल और दो वेबसाइट बंद करने के आदेश दिए हैं। सूचना और प्रसारण मंत्रालय में सचिव अपूर्व चंद्र ने कल नई दिल्ली में संवाददाताओँ को बताया कि इस संबंध मे आदेश कल जारी किया गया।

उन्होंने कहा कि भारत विरोधी दुष्प्रचार करने के लिए दो ट्वीटर अकाउंट, दो इंस्टाग्राम अकाउंट और एक फेसबुक अकाउंट बंद करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ये यूट्यूब चैनल, वेबसाइट और ट्वीटर, इंस्टाग्राम तथा फेसबुक अकाउंट पाकिस्तान से संचालित किए जा रहे हैं, जिनका एकमात्र उद्देश्य देश के लोगों में फर्जी खबरों को फैलाना है।

चंद्रा ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी नियमावली के प्रावधानों के तहत इन्हें बंद करने का आदेश जारी किया गया है।

चंद्रा ने आगे बताया कि खुफिया एजेंसियों के साथ सूचना और प्रसारण मंत्रालय देश में सूचना तंत्र को फर्जी और भ्रामक खबरों से बचाने की दिशा में मिल कर काम करता रहेगा।