केंद्र ने बढ़ते कोविड संक्रमण के कारण गर्भवती महिलाओं और दिव्यांग कर्मचारियों को कार्यालय आने से छूट दी
नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने कहा है कि कोविड के बढ़ते मामलों के मद्देनजर गर्भवती महिला कर्मचारियों और दिव्यांग कर्मचारियों को कार्यालय में आने से छूट दी गई है।
महामारी की तीसरी लहर के मद्देनजर कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग के जारी दिशा-निर्देशों के बारे में जानकारी देते हुए डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने कहा कि गर्भवती महिलाओं और दिव्यांग कर्मचारियों को उपलब्ध रहने की जरूरत होगी तथा घर से ही काम करना होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि कंटेनमेंट जोन में रहने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी कंटेनमेंट जोन की अवधि खत्म होने तक कार्यालय आने से छूट दी जाएगी।
डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने कहा कि अवर सचिव के स्तर से नीचे के सरकारी कर्मचारियों की उपस्थिति वास्तविक संख्या के 50 प्रतिशत तक सीमित कर दी गई है और शेष 50 प्रतिशत घर से काम करेंगे।
हालांकि, उन्होंने कहा कि जो अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में नहीं आ रहे हैं और घर से काम कर रहे हैं, वे हर समय टेलीफोन और संचार के अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों पर उपलब्ध रहेंगे।
