सरकार ने प्रवासी भारतीय दिवस पर कहा–भारत को 10 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में प्रवासी भारतीय युवाओं की अहम भूमिका होगी
नई दिल्ली :- विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने कहा है कि भारतीय और प्रवासी समुदाय के युवाओं ने नवाचार, प्रौद्योगिकी और रचनात्मकता में उल्लेखनीय प्रगति की है।
मुरलीधरन ने युवा प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन 2022 को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करते हुए कहा कि समाज को दिशा देने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और दुनिया उनकी प्रौद्योगिकी और नवाचार को प्रयोग करते हुए आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि विश्व बैंक के अनुमान के अनुसार भारत की अर्थव्यवस्था 10 हजार अरब डॉलर की होगी और इसमें युवाओँ की केन्द्रीय भूमिका होगी।
मुरलीधरन ने कहा कि सुंदर पिचाई से पराग अग्रवाल और राजीव सूरी से लीना नायर तक कई हस्तियां है, जो वैश्विक स्तर पर भारतीय युवाओं के नेतृत्व का सबूत है।
उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं ने मौजूदा समस्याओं के समाधान के लिए नवाचार किए हैं और वे भविष्य के लिए सोचते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रवासी समुदाय भारत और दुनिया को जोड़ने का एक सेतु है।
केन्द्रीय मंत्री मुरलीधरन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार भारतीय समुदाय और दुनिया के बीच मजबूत संपर्क बना रही है। भारत, उऩ चुनींदा देशों में शामिल हैं, जिन्होंने प्रवासी समुदाय को जोड़ने के लिए व्यापक और विस्तृत नीतियां तैयार की हैं।
