प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की पंजाब के फिरोजपुर में निर्धारित जनसभा, सुरक्षा में चूक के कारण रद्द, गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार से विस्‍तृत रिर्पोट मांगी

नई दिल्ली :- पंजाब में फिरोजपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित रैली में सुरक्षा में चूक के कारण इसे रद्द कर दिया गया। गृह मंत्रालय ने इसे संज्ञान में लेते हुए पंजाब सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

मंत्रालय ने इस चूक की जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा है। प्रधानमंत्री आज सवेरे बठिंडा पहुंचे जहां से उन्हें हेलीकॉप्टर से हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक जाना था, लेकिन वर्षा और खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री को करीब 20 मिनट तक मौसम ठीक होने की प्रतीक्षा करनी पड़ी।

पंजाब पुलिस के महानिदेशक द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यक पुष्टि के बाद वह सड़क मार्ग से रैली स्थल के लिए रवाना हुए।

मंत्रालय ने कहा कि स्मारक से करीब 30 किलोमीटर दूर मोदी का काफिला जब एक फ्लाईओवर पर पहुंचा, तो वहाँ कुछ प्रदर्शनकारियों ने सड़क को अवरुद्ध कर दिया जिसके कारण प्रधानमंत्री को 15 से 20 मिनट तक फ्लाईओवर पर फंसे रहना पड़ा जो सुरक्षा में एक बड़ी चूक थी।

गृह मंत्रालय ने कहा कि मोदी के कार्यक्रम और यात्रा योजना के बारे में पंजाब सरकार को पहले ही बता दिया गया था और प्रोटोकॉल के अनुसार राज्य सरकार को सुरक्षा के साथ-साथ आकस्मिक योजना तैयार रखनी चाहिए थी। साथ ही आकस्मिक योजना के मद्देनजर पंजाब सरकार को सड़क मार्ग से किसी भी आंदोलन को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात करनी चाहिए थी।

मंत्रालय ने कहा है कि रास्ता साफ नहीं होने के कारण प्रधानमंत्री को वापस बठिंडा हवाई अड्डे जाने को मजबूर होना पड़ा।