इराक के प्रधानमंत्री मुस्‍तफा-अल-कदिमी आज अपने निवास पर हुए ड्रोन हमले में बाल-बाल बचे

इराक के प्रधानमंत्री मुस्‍तफा-अल-कदिमी आज तड़के अपने निवास पर हुए सशस्त्र ड्रोन हमले में बाल-बाल बच गए। यह घटना बगदाद के कड़ी सुरक्षा वाले ग्रीन जोन क्षेत्र में हुई।

इराकी सेना ने कहा है कि अल-कदिमी को कोई नुकसान नहीं हुआ है और वे बिल्‍कुल ठीक है। इराकी सुरक्षाबल इस हमले के सिलसिले में जरूरी कदम उठा रहे हैं।

सरकारी बयान में कहा गया है कि ड्रोन से अल-कदिमी के घर पर हमले की कोशिश की गयी। बगदाद के निवासियों ने ग्रीन जोन से विस्‍फोट और गोली चलने की आवाज सुनी। इस इलाके में विदेशी दूतावास और सरकारी दफ्तर हैं।

अभी यह स्‍पष्‍ट नहीं है कि इस हमले के पीछे कौन था। किसी ने अभी तक हमले की जिम्‍मेदारी नहीं ली है।