पी.एम.-केयर्स कोष के अंतर्गत देश में 100 नए अस्पतालों के पास अपने ऑक्सीजन संयंत्र होंगे- सरकार

नई दिल्ली :- स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने कहा है कि देश में एक सौ अस्‍पतालों के पास प्रधानमंत्री आपात स्थिति नागरिक सहायता और राहत – पीएम केयर्स कोष के अन्तर्गत अपने ऑक्‍सीजन संयंत्र होंगे।

कोविड महामारी के दौरान आवश्‍यक चिकित्‍सा उपकरण और ऑक्‍सीजन की उपलब्‍धता की समीक्षा के लिए कल अधिकार प्राप्‍त दूसरे समूह की बैठक में यह निर्णय लिया गया। केन्‍द्र सरकार ने कोविड प्रबंधन के विविध पहलुओं पर नजर रखने के लिए ऐसे छह समूह बना रखे हैं।

मंत्रालय ने बताया कि इस फैसले से प्रेशर स्विंग एर्ब्‍जाब्‍सन-पीएसए प्‍लांट निर्मित ऑक्‍सीजन को बढावा मिलेगा और अस्‍पतालों को मेडिकल ऑक्‍सीजन में आत्‍मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय को ऐसे पीएसए प्‍लांट लगाने की मंजूरी के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में एक सौ अस्‍पतालों की पहचान करने का निर्देश दिया गया है।

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने कहा कि कोविड मरीजों के उपचार के लिए मेडिकल ऑक्‍सीजन महत्‍वपूर्ण घटक है। अधिक कोरोना संक्रमण वाले राज्‍यों से मेडिकल ऑक्‍सीजन की मांग विशेष रूप से की जा रही थी। ये 12 राज्‍य हैं- महाराष्‍ट्र, मध्‍यप्रदेश, गुजरात, उत्‍तरप्रदेश, दिल्‍ली, छत्‍तीसगढ, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा और राजस्‍थान।