सरगुजा जिला के प्रभारी मंत्री डहरिया ने बताया कि उन्होंने जिले में कोरोना के रोकथाम के लिए कलेक्टर को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। आयुष्मान के माध्यम से निजी अस्पतालों में भी मुफ्त उपचार हो सके और मरीज के इलाज का खर्च डिस्चार्ज होने के दौरान अस्पताल प्रबंधन को प्राप्त हो इसके लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे।

प्रभारी मंत्री के निर्देश पर कलेक्टर संजीव झा ने सरगुजा के निजी अस्पतालों में आयुष्मान से मुफ्त इलाज की व्यवस्था प्रारंभ की। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड से कोरोना पीड़ितों का उपचार निजी अस्पतालों में होने से गरीब परिवारों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।

गौरतलब है कि प्रभारी मंत्री डहरिया की पहल पर सरगुजा जिले में निजी अस्पतालों में निःशुल्क उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड की अनुमति मिलने के बाद राज्य स्तर पर भी सरगुजा मॉडल को अपनाया जा रहा है।