कोरोना वायरस के नये रूप के संक्रमण के खतरे को देखते हुए कई यूरोपीय देशों ने ब्रिटेन की उड़ानों पर प्रतिबंध लगाया

नई दिल्ली :- ब्रिटेन में नोवेल कोरोना वायरस का ज्‍यादा खतरनाक रूप सामने आने की खबर के बाद कई यूरोपीय देशों ने ब्रिटेन पर विमान यात्रा प्रतिबंध लगा दिये हैं।
आयरलैंड, जर्मनी, फ्रांस, इटली, नीदरलैंड्स और बेल्जियम ने विमान सेवा रोकने का फैसला किया है। यूरोपीय संघ की बैठक में आज नई चुनौती से निपटने के लिए ज्‍यादा समन्वित उपायों पर चर्चा होगी।

वायरस का यह नया रूप लंदन और दक्षिण-पूर्व इंग्‍लैंड में बड़ी तेजी से फैला है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने क्रिसमस की अवधि के दौरान योजनाबद्ध छूट समाप्‍त करते हुए प्रभावित इलाकों में नए चार स्‍तरीय प्रतिबंध लगा दिए हैं। स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारियों ने बताया कि वायरस का नया रूप 70 प्रतिशत अधिक संक्रामक है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री मैट हैंकॉक ने कहा कि ये वायरस नियंत्रण से बाहर है और इस पर नियंत्रण के प्रयास करने होंगे।

अमरीका और ब्रिटेन के बाद यूरोप में भी क्रिसमस के उपरांत व्‍यापक टीकाकरण अभियान शुरू होने की संभावना है।