कलेक्टर ने खैरागढ़ एवं राजनांदगांव विकासखंड के धान खरीदी केन्द्रों का किया निरीक्षण

जिले में 22 नए धान खरीदी केन्द्र बनने पर किसानों में हर्ष व्याप्त

कोचियों द्वारा अन्य राज्यों का धान खरीदी केन्द्रों में आने पर होगी कड़ी कार्रवाई

राजनांदगांव 30 नवम्बर 2020/ कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने खैरागढ़ विकासखंड में विचारपुर, बढ़ईटोला, टोलागांव, पांडादाह, ईटार, गातापार, कामठा तथा राजनांदगांव विकासखंड के मोरमंदा एवं घुमका में धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया।

उन्होंने नए बने धान खरीदी केन्द्र टोलागांव में निरीक्षण के दौरान कहा कि शासन की ओर से जिले में 22 नए धान खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं। जिससे किसानों को धान विक्रय करने में आसानी होगी। उन्होंने समिति के प्रबंधक से कहा कि तौलाई करने की सीमा के अनुरूप धान का टोकन जारी करें। छोटे किसानों का धान पहले खरीदे। धान खरीदी के पहले ही कोविड-19 से सुरक्षा के लिए बैनर तथा धान खरीदी का बैनर लगवा लें।

उन्होंने कहा कि कोचियों के द्वारा अन्य राज्यों का धान केन्द्र में नहीं आना चाहिए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गांव में ही छन्नी, तौलाई एवं अन्य कार्यों के लिए स्थानीय लोगों को रोजगार दे सकते हैं।

उन्होंने बारदाने की उपलब्धता, कांटा-बाट, तराजू, किसानों के लिए पेयजल के संबंध में जानकारी ली।

इस अवसर पर कलेक्टर वर्मा किसानों से रूबरू हुए। किसानों ने उन्हें बताया कि इस साल अच्छी फसल हुई है। गांव के किसान रामकुमार ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि गांव में धान खरीदी केन्द्र बन जाने से बहुत राहत मिल गई है। पहले तो ट्रेक्टर या बैलगाड़ी से 8 किलोमीटर दूर बढ़ईटोला धान विक्रय करने के लिए जाना पड़ता था।

कलेक्टर वर्मा ने पांडादाह के नए धान खरीदी केन्द्र का भी निरीक्षण किया और सभी को धान खरीदी के पूर्व आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईटार में निरीक्षण के दौरान कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में कोचियों पर विशेष निगरानी रखने की जरूरत है।

कलेक्टर ने नए धान खरीदी केन्द्र गातापार में भी निरीक्षण किया। जहां समिति प्रबंधक ने उन्हें बारदानों की व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी दी। गातापार में 22 गांव के किसान धान का विक्रय कर पाएंगे।

उन्होंने केन्द्र में धान तौलाई एवं साफ-सफाई की व्यवस्था करने के निर्देश दिए तथा बारदानों में कैप कव्हर लगाकर रखने के लिए कहा।

 

उन्होंने कहा कि किसानों के टोकन जारी करना आरंभ करें। ग्राम कामठा के नए धान खरीदी केन्द्र का उन्होंने निरीक्षण किया। इस गांव में 8 गांव के किसान धान विक्रय कर सकेंगे। किसानों ने बताया कि पहले धान विक्रय करने के लिए डोकराभाठा जाना पड़ता था। अब यहां धान खरीदी केन्द्र बन जाने से सुविधा होगी।

कलेक्टर वर्मा ने राजनांदगांव विकासखंड के नए धान खरीदी केन्द्र मोरमंदा का अवलोकन किया। जहां ग्रामवासियों ने नया धान खरीदी केन्द्र बन जाने पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने घुमका में भी धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया एवं आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीएम खैरागढ़ निष्ठा पाण्डे, एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे, जिला खाद्य अधिकारी केके सोमावार, जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक मर्यादित महाप्रबंधक  सुनील वर्मा, जिला विपणन अधिकारी सौरभ भारद्वाज, तहसीलदार रमेश, खाद्य निरीक्षण द्रोण कामड़े एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।