NATIONAL

26/11 के मुंबई आतंकी हमलों की आज 12वीं बरसी

मुम्बई:- 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों की आज 12वीं बरसी है। इन हमलों में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए मुंबई पुलिस कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिसमें कोविड महामारी के कारण बहुत सीमित संख्या में लोग शामिल होंगे। यह श्रद्धांजलि सभा दक्षिण मुंबई में पुलिस मुख्यालय में बने नवनिर्मित स्मारक में आयोजित की जाएगी।

26 नवम्बर, 2008 की रात को भारी हथियारों से लैस पाकिस्तान के आतंकी संगठन लश्करे तैय्यबा के 10 आतंकवादियों ने मुंबई को हमलों से दहला दिया था। चार दिन तक चले इन हमलों में कई विदेशियों समेत 160 से अधिक लोग मारे गए। जीवित पकड़े गए एक मात्र आतंकवादी अजमल कसाब को चार साल बाद 21 नवम्बर, 2012 को फांसी की सजा दी गई।

26/11 के हमलों ने राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति भारत का दृष्टिकोण पूरी तरह बदल दिया और समुद्री निगरानी मजबूत करने तथा खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बनाने की प्रभावी प्रणाली तैयार की गई।