विस सत्र: पहले दिन उठा धान खरीदी का मुद्दा, सदन में मचा हंगामा…

रायपुर । विधानसभा के शीत सत्र में भोजन अवकाश के बाद सदन की कार्यवाही शुरू हुई। जहां धान खरीदी में अव्यवस्था को लेकर विपक्ष की ओर से लाए गए स्थगन पर चर्चा हुई। सदन में विपक्ष ने धान खरीदी पर स्थगन प्रस्ताव लाया। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि, किसान परेशान हो रहा है और सोसायटियों में लिमिट से खरीदी हो रही है। अधिकांश जगहों में धान खरीदी बंद हो रही है और केंद्रों में नोटिस चस्पा कर दिया गया है। बहुत से जिलों में कुछ दिनों में धान खरीदी ठप हो जाएगी।

 

उन्होंने आगे कहा कि, 160 लाख मैट्रिक टन की धान खरीदी करनी है। तब पहले सरकार को व्यवस्था करनी चाहिए थी। सरकार केवल फीता काटने और फूलमाला पहनने के लिए है। स्थगन प्रस्ताव के ग्रह्यता पर चर्चा के दौरान हंगामा हो गया। जब बीजेपी विधायक राजेश मूणत ने महादेव सट्टा पर सवाल किया तो भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोंक झोंक हुई। जिसके बाद कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी करनी शुरू कर दी। हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।