ग्रामीण की हत्या, अज्ञात आरोपियों ने टांगी से किया हमला, पुलिस जांच में जुटी

 जशपुर :  छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र के बटईकेला के आश्रित ग्राम चूल्हापानी में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है, जिसमें साइकिल सवार ग्रामीण ठीरू टेलर (50) की अज्ञात आरोपियों ने हत्या कर दी। यह घटना सोमवार की देर शाम की है, जब ठीरू खेत से काम करके अपनी साइकिल से घर लौट रहे थे। चूल्हापानी और केवटीनडांड गांव के बीच रास्ते में उन पर अज्ञात आरोपियों ने टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में ठीरू के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

यह हत्या बटईकेला क्षेत्र में हाल ही में हुई दूसरी हत्या की घटना है। इससे पहले, एक और दिल दहला देने वाली घटना में, कियोस्क बैंक को लूटने के प्रयास के दौरान दो आरोपियों ने कियोस्क संचालक की दादी उर्मिला बाई (60) को गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना में जशपुर पुलिस ने राजफाश करते हुए बताया कि यह हत्या जेल से रिहा होकर आए रवि उरांव और उसके साथी रातू राम ने मिलकर की थी। पुलिस ने रवि उरांव के साथी और घटना को अंजाम देने के लिए बाइक उपलब्ध कराने वाले को गिरफ्तार किया है, लेकिन मास्टर माइंड रवि उरांव अब भी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने ठीरू की हत्या की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक हत्या के कारण और आरोपियों की पहचान के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन पुलिस ने अपनी तफ्तीश तेज कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना बेहद चौकाने वाली है और इलाके में दहशत फैल गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के बारे में कुछ सुराग मिले हैं, जिनकी मदद से जल्द ही घटना का खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल, स्थानीय लोग और पुलिस मिलकर इस हत्या के मामलों में आरोपियों को पकड़ने के प्रयास में जुटे हैं।