उप-राष्ट्रपति ने देश के वैज्ञानिक समुदाय से भारत को आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया

उप-राष्‍ट्रपति वेंकैया नायडू ने देश के वैज्ञानिकों और शोधार्थियों से प्राचीन ज्ञान और आधुनिक प्रौद्योगिकी के साथ कार्य करते हुए देश को आगे ले जाने का आह्वान किया है। उन्‍होंने कहा कि देश के वैज्ञानिक समुदाय को भारत को आत्‍मनिर्भर बनाने का महान कार्य करना है।

बेंगलुरु के निकट होसकोटे में विज्ञान और प्रौद्योगिकी अनुंधसान और शिक्षा केन्‍द्र- सीआरईएसटी में आयोजित समारोह में नायडू ने आने वाली पीढियों के लिए प्रमुख वैज्ञानिक सुविधाओं के विकास में अतुल्‍य कार्य के लिए देश के वैज्ञानिकों और अभियंताओं को बधाई दी।

भारतीय खगोल भौतिकी संस्‍थान के सीआरईएसटी परिसर की यात्रा का स्‍मरण करते हुए उप-राष्‍ट्रपति ने कहा कि यह परिसर भावी पीढियों के लिए बुनियादी अनुसंधान और प्रौद्योगिकी विकास के लिए हमारी प्रतिबद्धता का उत्‍कृष्‍ट उदाहरण है जो आत्‍मनिर्भर भारत के लिए बुनियाद रखेगा। उन्‍होंने बच्‍चों और आम जनता के बीच विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और जागरूकता फैलाने के लिए परिसर में विज्ञान केन्‍द्र बनाने की संस्‍थान की योजना की सराहना की।

उन्‍होंने कहा कि यह विज्ञान के बारे में जागरूकता फैलाने की दिशा में महत्‍वपूर्ण कदम है। उन्‍होंने राष्‍ट्र की सेवा में पचास वर्ष सम्‍पन्‍न होने पर भारतीय खगोल भौतिकी संस्‍थान को बधाई दी।