जिले के 73 केन्द्रो में लगाये जा रहे है टीके अब तक पहले डोज में 63 हजार और दूसरे डोज में 7 हजार से अधिक टीकाकरण पूर्ण

टीकाकरण के पश्चात भी मास्क पहने और सामाजिक दूरी का पालन करें – कलेक्टर
गरियाबंद :- जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान जारी है। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर के मार्गदर्शन में 73 सेशन साइट में टीकाकरण हेतु समुचित इंतजाम किया गया है। ज्ञात है कि पूर्व में सेशन साइट की संख्या 30 तक ही सीमित था, जिसे बढ़ाकर 73 कर दिया गया है। टीकाकरण केन्द्रों मे 45 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक उत्साह के साथ टीका लगवा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 07 अप्रैल की स्थिति में पहले डोज में 63 हजार 699 लोगों को टीका लग चुका है। वहीं 07 हजार 822 लोगों को दूसरा डोज भी पूर्ण हो चुका है।
कलेक्टर क्षीरसागर ने आम नागरिकों से प्राथमिकता के आधार पर टीका लगवाने, मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को पालन करते हुए कोरोना के संक्रमण से बचाव हेतु अपील किया है। वहीं समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पात्रता के अनुसार अनिवार्य रूप से टीकाकरण और कोरोना टेस्ट कराने के निर्देश दिये है।
जानकारी के मुताबिक वर्तमान में जिले में 693 सेशन साइट के माध्यम से टीकाकरण किया  जा रहा है। 16 जनवरी से प्रारंभ हुए टीकाकरण अभियान में 5 हजार 860 हेल्थ केयर वर्कर को पहला डोज और इनमें से 4 हजार 772 वर्कर को दूसरा डोज का टीका भी लग चुका है। इसी तरह 06 फरवरी से प्रारंभ हुए द्वितीय चरण में 3 हजार 75 फ्रंटलाइन वर्कर को पहला डोज और 2 हजार 22 फ्रंटलाइन वर्कर को टीका का दूसरा डोज पूर्ण हो चुका है। 01 अप्रैल से  45 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों का टीकाकरण जारी है। जिले में इस वर्ग के एक लाख 26 हजार नागरिकों को टीका लगाये जाने का लक्ष्य है। 45 प्लस आयु वर्ग के 29 हजार 774 को प्रथम डोज और 199 को द्वितीय डोज लग चुका है। जबकि 60 प्लस आयु वर्ग के 24 हजार 990 लोगों को पहला डोज और 829 लोगों को दूसरा डोज लग चुका है। इस तरह कुल 54 हजार 764 नागरिकों को पहला डोज और 1 हजार 28 लोगों को दूसरा डोज लगाये गए हैं।
आंकड़ो के अनुसार लक्ष्य के अनुरूप 47 प्रतिशत नागरिकों को पहला डोज लग चुका है।
विकासखंडवार आंकड़ो के अनुसार छुरा विकासखंड में 16 हजार 713 लोगों को प्रथम डोज और 1 हजार 726 लोगों को द्वितीय डोज लग चुका है। फिंगेश्वर विकासखंड में प्रथम डोज में 17 हजार 20 और द्वितीय डोज में 1755, गरियाबंद विकासखंड में प्रथम डोज में 17 हजार 205 और द्वितीय डोज में 2 हजार 131, मैनपुर विकासखंड में प्रथम डोज में 8 हजार 594 और द्वितीय डोज में 1548 एवं देवभोग विकासखंड में प्रथम डोज में 4136 एवं द्वितीय डोज में 662 लोगों को टीकाकरण किया गया है।