“उत्तराखंड की दूरदराज क्षेत्रों के लिए उम्मीद की किरण: 75 बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण”

उत्तराखंड:  शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा निर्मित 75 प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें से 9 महत्वपूर्ण परियोजनाएं उत्तराखंड में स्थित हैं, जो राज्य की दूरदराज और वंचित क्षेत्रों की विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। इनमें गढ़वाल क्षेत्र में करछा पुल, मींग गधेरा पुल, घस्तोली पुल, पागल नाला पुल, और देहरादून जिले में शिवालिक परियोजना का कार्यालय तथा आवास शामिल हैं। कुमाऊं क्षेत्र में सुरिंगघाट पुल, चिमला पुल, पैनागढ़ पुल, और गोसीगढ़ पुल का भी लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन 9 परियोजनाओं के लिए रक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह बुनियादी ढांचे की परियोजनाएं उत्तराखंड के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेंगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य राज्य के दूरदराज क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बढ़ाना और सामाजिक-आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करना है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि ये बुनियादी ढांचा परियोजनाएं स्थानीय समुदायों के विकास में गति लाएंगी, जबकि दूरदराज के सीमावर्ती क्षेत्रों की पहुंच को भी सुगम बनाएंगी। इससे इन रणनीतिक स्थानों में आर्थिक विकास और रक्षा क्षमताओं को और मजबूत किया जा सकेगा। नए पुलों के निर्माण से उत्तराखंड में कनेक्टिविटी में महत्वपूर्ण सुधार होगा, जिससे यात्रा का समय कम होगा और धार्मिक, सामान्य पर्यटन के साथ-साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।

इन बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की मदद से उत्तराखंड को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो दीर्घकालिक सतत विकास और समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह न केवल स्थानीय निवासियों के जीवन स्तर को सुधारने में सहायक होगा, बल्कि राज्य के समग्र विकास में भी सहायक सिद्ध होगा