दिल्ली नगर-निगम के महापौर और उप-महापौर के चुनाव को लेकर बैठक में हंगामा
नई दिल्ली: दिल्ली नगर-निगम के महापौर और उप-महापौर के चुनाव को लेकर बैठक में हंगामा हुआ। नई दिल्ली के एम.सी.डी. हाउस में भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के नव-निर्वाचित पार्षदों ने दस मनोनीत पार्षदों के शपथ ग्रहण को लेकर एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाज़ी की। हंगामे के बाद एक घंटे के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित की गई।

आम आदमी पार्टी ने महापौर पद के लिए शैली ओबराय और उप-महापौर पद के लिए आले मोहम्मद इकबाल को उम्मीदवार बनाया है। उधर, भारतीय जनता पार्टी ने महापौर पद के लिए रेखा गुप्ता और उप-महापौर पद के लिए कमल बागडी को उम्मीदवार बनाया है।
हाल ही में सम्पन्न दिल्ली नगर-निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी को 134 और भारतीय जनता पार्टी को 104 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि कांग्रेस ने 9 सीटें जीती थीं।
