केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने महाराष्‍ट्र, केरल और मध्‍यप्रदेश से कोविड के डेल्‍टा प्‍लस वेरिएंट के नियंत्रण के उपाय करने को कहा

नई दिल्ली :- केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य सचिव राजेश भूषण ने मध्‍यप्रदेश, केरल और महाराष्‍ट्र के मुख्‍य सचिवों को उन जिलों में अविलम्‍ब नियंत्रण के उपाय करने को कहा है जहां डेल्‍टा प्‍लस वेरिएंट मिला है। इस वेरिएंट को चिंताजनक माना गया है।

इन तीन राज्‍यों से कहा गया है कि वे भीड़-भाड़ और लोगों को मिलने-जुलने से रोकने, बडे पैमाने पर जांच,संपर्कों का तुरंत पता लगाने और साथ ही प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण जैसे उपाय अविलम्‍ब करें।

राज्‍यों से यह भी कहा गया है कि वे पॉजिटिव लोगों के नमूनों को समुचित मात्रा में तुरंत निर्धारित प्रयोगशालाओं में भेजे ताकि महामारी से संबंधित इनका क्‍लीनिकल परीक्षण किया जा सके।