वन रैंक वन पेंशन योजना के तहत रक्षाकर्मियों को 42 हजार करोड रूपये से अधिक की राशि वितरित की गई
नई दिल्ली:- सरकार ने कहा है कि वन रैंक वन पेंशन- ओ आर ओ पी योजना पर अमल के बाद प्रतिरक्षा सेनाओं के बीस लाख साठ हजार 220 पेंशनरों और परिवार पेंशनरों को 42 हजार 740 करोड़ रूपए से अधिक की राशि संवितरित की जा चुकी है।
सरकार ने भारी वित्तीय बोझ के बावजूद नवंबर 2015 में वन रैंक वन पेंशन योजना पर अमल का ऐतिहासिक फैसला किया था और पहली जुलाई 2014 से रक्षा कर्मियों को इसका फायदा दिया गया।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार वन रैंक वन पेंशन योजना के लाभार्थियों को सातवें केन्द्रीय वेतन आयोग में की गई सिफारिशों के अनुसार पेंशन निर्धारित करने का फायदा भी दिया गया। इस पेंशन योजना के अंतर्गत समान रैंक और एक समान सेवा अवधि वाले रक्षा कर्मियों को उनके सेवानिवृत्त होने की तारीख का अंतर किए बिना एक समान पेंशन देने का प्रावधान है।
इससे अतीत में सेवानिवृत्त हुए सैनिकों और हाल में सेवानिवृत्त सैनिकों की पेंशन में अंतर दूर कर दिया गया है। पूर्व सैन्यकर्मी करीब 45 साल से वन रैंक वन पेंशन योजना लागू करने की मांग कर रहे थे।
