देश में कोरोना संक्रमित मरीजों का प्रतिशत 17 दशमलव एक तीन से घटकर ग्यारह दशमलव एक दो प्रतिशत पर पहुंचा; स्वस्थ होने की दर 87 दशमलव सात छह प्रतिशत हुई। कल दो लाख 57 हजार नए रोगी मिले

नई दिल्ली :- केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि पिछले 20 दिन से कोविड-19 के संक्रमण में कमी आ रही है और स्वस्थ होने वाले व्यक्तियों की संख्या बढ़ रही है।

मंत्रालय ने संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि संक्रमित मामलों का प्रतिशत 17 दशमलव एक तीन से घटकर ग्यारह दशमलव एक दो पर आ गया है। इस बीच तीन मई के बाद से स्वस्थ होने की दर 81 दशमलव सात से बढ़कर 87 दशमलव सात छह हो गई है।

उन्होंने कहा कि अभी तक संक्रमण से दो करोड़ तीस लाख से अधिक लोग उबर चुके हैं। उन्होंने कहा कि पिछले नौ दिनों से स्वस्थ होने वाले व्यक्तियों की संख्या संक्रमित होने वाले लोगों से अधिक है। उन्होंने कहा कि 22 राज्यों में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या संक्रमित होने वाले लोगों से अधिक है।

अग्रवाल ने कहा कि संक्रमण के प्रकोप को रोकने के लिए किए गए जमीनी स्‍तर के प्रयासों से संक्रमण दर घटी है। उन्‍होंने कहा कि कोविड जांच बढाई गई है और पिछले चार दिन से लगातार बीस लाख से ज्‍यादा जांच प्रतिदिन की जा रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान सर्वाधिक 20 लाख 66 हजार से अधिक जांच की गई हैं।

अग्रवाल ने चेतावनी दी की लोगों को टीका लगवाने के बाद मानकों में ढील नहीं देनी चाहिए और अपने मन-मस्तिष्‍क में दवाई भी – कढाई भी का मंत्र रखना चाहिए।

उन्‍होंने जोर देकर कहा कि ग्रामीण और अर्ध शहरी क्षेत्रों में स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की जरूरत है जिससे पीडितों का उपचार किया जा सके।

अग्रवाल ने बताया कि फंगस रोगी दवा एम्फोटेरिसिन-बी की आपूर्ति और उपलब्धता बढ़ाई गई है। देश में इस दवा का उत्पादन बढ़ाने के लिए और पांच कंपनियों को लाइसेंस दिया गया है। राज्यों को संक्रमण रोकने और फंगस संक्रमण नियंत्रित करने का परामर्श दिया गया है।

इस अवसर पर नीति आयोग के सदस्य डॉक्टर वी के पॉल ने कहा कि देश के अधिकतर हिस्सों में महामारी की स्थिति स्थिर है और संक्रमित मामलों में कमी आ रही है। उन्होंने दोहराया कि संक्रमण की श्रृंखला तोड़ने के लिए कोविड मानको का पालन आवश्यक है।