बंगाल की खा़ड़ी और दक्षिण अंडमान सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के 21 मार्च तक चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका
नई दिल्ली :- दक्षिण पूर्वी बंगाल की खा़ड़ी और उससे लगे दक्षिण अंडमान सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और इसके 21 मार्च तक चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। इसके बाद यह 22 मार्च तक उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश और पूर्वी म्यांमा के तट से टकराएगा।
अंडमान निकोबार द्वीप समूह में अगले दो-तीन दिनों के लिए तेज वर्षा होने और 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। इस बीच,कल पोर्टब्लेयर में हल्की वर्षा हुई।
अंडमान निकोबार द्वीप समूह में एहतियात के तौर पर 22 मार्च तक सभी तरह की पर्यटन गतिविधियां स्थगित कर दी गई हैं। सभी स्कूल आज बंद रहेंगे।
मुख्य सचिव जितेंद्र नारायण ने सभी विभागों को अलर्ट पर रहने और सभी प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा है। इस बीच, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की पांच अतिरिक्त टीम अंडमान निकोबार द्वीप समूह में तैनात की गई हैं।
कार निकोबार में खोज और राहत अभियान के लिए 25 कर्मियों को तैनात किया गया है। रंगत और दिग्लीपुर में एक-एक टीम भेजी गई है। लिटिल अंडमान में एनडीआरएफ की एक और पोर्टब्लेयर में दो टीम मौजूद हैं।
