देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 92.32 प्रतिशत हुई

नई दिल्ली:- देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 92 दशमलव तीन-दो प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 54 हजार से अधिक कोविड रोगी स्वस्थ हुए। कोविड से स्वस्थ लोगों की कुल संख्या 77 लाख 65 हजार से अधिक हो गई है।

स्वस्थ लोगों की संख्या लगातार बढने से कुल संक्रमित लोगों में कवल छह दशमलव एक-नौ प्रतिशत ही इलाज करा रहे हैं। सरकार ने कहा है कि इलाज करा रहे कोविड मरीजों में से 78 प्रतिशत से अधिक दस राज्यों और केन्द्रशासित प्रद्रेशों में हैं। इस समय पांच लाख बीस हजार मरीज इलाज करा रहे हैं।

पिछले 24 घंटों में देश में 47 हजार 638 लोगों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद देश में संक्रमित लोगों की कुल संख्या 84 लाख से अधिक हो गई है।

केन्द्र की प्रभावी नीति से स्वस्थ होने की दर बढी है और मृत्यु दर में कमी आई है। इस समय देश में मृत्यु दर एक दशमलव चार-नौ प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड से 670 लोगों की मृत्यु होने के साथ मृतकों की संख्या एक लाख 24 हजार 985 हो गई है।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-आइसीएमआर के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान 12 लाख 20 हजार से अधिक जांच की गई। अब तक 11 करोड 54 लाख से अधिक कोविड जांच की जा चुकी है।

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के अधिकारी ने कहा कि उच्‍च स्‍तर की जांच के कारण संक्रमण की जल्‍दी पहचान, सं‍क्रमित लोगों को तत्‍काल अलग करने और कोविड मरीजों के प्रभावी उपचार में मदद मिली है।

इस साल जनवरी में पुणे में कोरोना जांच की केवल एक प्रयोगशाला थी जबकि अब देश में दो हजार 56 प्रयोगशालाएं हैं। इनमें से एक हजार 136 सरकारी और 920 निजी क्षेत्र की प्रयोगशालाएं हैं।