सरकार ने भारत आने वाले सभी यात्रियों के लिए घर में सात दिन का पृथकवास अनिवार्य किया

नई दिल्ली :- स्वास्थ्य मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए संशोधित दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मानक संचालन प्रक्रिया 11 जनवरी से लागू होगी।

अब विदेशों से आने वाले यात्रियों को सात दिन के लिए घर में पृथकवास में रहना अनिवार्य होगा। भारत में आगमन के 8वें दिन आरटी-पीसीआर जांच करानी होगी।

यात्रियों को आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट एयर सुविधा पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। यात्रा की योजना बना रहे सभी यात्रियों को निर्धारित यात्रा से पहले ऑनलाइन एयर सुविधा पोर्टल पर स्व-घोषणा प्रारूप में जानकारी देना आवश्यक है।

यात्रा शुरू करने से 72 घंटे पहले यात्री को आरटी-पीसीआर जांच की नेगेटिव रिपोर्ट अपलोड करना अनिवार्य होगा।