केंद्र ने राज्यों से कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि न हो

नई दिल्ली :- केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लोगों द्वारा घबराहट में आवश्यक जरूरत की वस्‍तुओं की खरीद की चिंता दूर करने के लिए प्रचार और  जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा है।

आवश्यक जरूरत की वस्‍तुओं की आपूर्ति बनाए रखने के मुद्दों पर ग्राहकों के लिए एक हेल्प लाइन नंबर भी तैयार करने को कहा गया है जिसके तहत लोक प्रशासन उनकी समस्या का समाधान कर सके।

सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रधान सचिवों को लिखे पत्र में  उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने मांग और आपूर्ति के बीच के अंतर, कालाबाजारी और आवश्यक जरूरतों की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि पर प्रभावी निगरानी रखने  और र्कारवाई करने के लिए खाद्य और नागरिक आपूर्ति, लीगल मेट्रोलॉजी, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य और पुलिस के संयुक्त दल गठित करने को कहा है।

राज्यों से कहा गया है कि वे किराने की दुकानों, दवा की दुकानों और किराने के भंडारों को पाबंदियों से अलग रखें ताकि कोविड-19 की मौजूदा स्थिति में आपूर्ति सुचारू रूप से हो सके । यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है इन सभी आवश्यक वस्तुओं के मूल्‍य न बढ़े और यह उचित दाम पर मिले जब तक कि‍ कच्चे माल के दाम बढ़ने पर इनकी कीमतें बढ़ाना जरूरी ना हो।