त्रिपुरा में प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष माणिक साहा को नया मुख्‍यमंत्री चुना गया

नई दिल्ली :- त्रिपुरा में बिप्लब कुमार देब ने आज दोपहर मुख्‍यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, राज्यसभा सांसद और राज्य भाजपा अध्यक्ष डॉक्‍टर माणिक साहा को पार्टी के विधायकों द्वारा त्रिपुरा का नया मुख्‍यमंत्री घोषित किया गया है।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय पर्यवेक्षक विनोद सोनकर और अन्य केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी में पार्टी विधायक आज शाम राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मुलाकात करेंगे।

इससे पहले दिन में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने आज दोपहर राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को अपना त्याग पत्र सौंपा।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सांगठनिक मामलों पर गौर करने और पार्टी को मजबूत करने की बहुत जरूरत है।

राज्य में विधानसभा चुनाव फरवरी 2023 में होने वाले हैं।