दुर्गा प्रतिमा विसर्जन यात्रा पर पथराव के बाद बवाल, लाठी-डंडे व तलवार से हमला, दो पक्षों के 23 पर मुकदमा दर्ज

कौशाम्बी |  उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के बलीपुर नारा गांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान जमकर बवाल हुआ था | आरोप है कि धार्मिक चबूतरे पर गुलाल पड़ने के बाद एक समुदाय के लोगों ने प्रतिमा विसर्जन यात्रा में शामिल लोगों पर पथराव किया और महिलाओं के साथ अभद्रता की | इस दौरान महिलाओं सहित सात लोगों को चोटें आईं | दूसरे पक्ष से भी चार लोग घायल हैं | अब पुलिस ने 23 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है |

रविवार को एडीजी और आईजी गांव पहुंचे | दोनों अफसरों ने एसपी से पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया | साथ ही कहा कि उपद्रवियों के खिलाफ किसी तरह की नरमी न बरती जाए |

बलीपुर नारा गांव में नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा के बाद शनिवार की श्रद्धालु नदी में माता की प्रतिमा का विसर्जन करने जा रहे थे | इस दौरान अबीर-गुलाल उड़ाया जा रहा था | तभी रास्ते में स्थित धार्मिक चबूतरे पर गुलाल पड़ गया | एक समुदाय विशेष के लोग इसका विरोध जताने लगे | एक युवक ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया | श्रद्धालुओं ने उससे मोबाइल छीनने का प्रयास किया तो बात बढ़ गई |

आरोप है कि एक समुदाय विशेष के लोगों ने घरों की छतों से पथराव करना शुरू कर दिया | लाठी-डंडा व तलवार से हमला बोल दिया गया | दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई | यात्रा में शामिल महिलाओं से बदसलूकी की गई | बवाल की सूचना के बाद डीएम मधुसूदन हुल्गी और एसपी बृजेश श्रीवास्तव कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे | पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह स्थिति पर काबू पाया | मारपीट-पथराव में दोनों पक्षों के दर्जन भर लोग घायल हुए हैं | गांव के मंदीप पुत्र दिनेश की तहरीर पर 23 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया | छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है | अन्य की तलाश की जा रही है | गांव में एहतियातन फोर्स तैनात की गई |

मंझनपुर कोतवाली के बलीपुर नारा गांव में शनिवार के बाद रविवार की दोपहर एक बार फिर बवाल होते-होते टल गया | आरोप है कि विशेष वर्ग के लोगों के घरों का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया गया | गाली-गलौज करते हुए कुछ लोगों की पिटाई भी की गई | हालांकि, मौके पर रही फोर्स ने समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया | एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि चार-पांच युवक गाली-गलौज कर रहे थे | पिटाई या तोड़फोड़ जैसी कोई बात नहीं हुई | आरोपी युवकों को हिरासत में ले लिया गया है |

प्रयागराज रेंज एडीजी भानु भास्कर, आईजी प्रेम गौतम भी गांव पहुंचे और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिया | गांव मे पैदल गस्त कर दोनों अधिकारियों ने लोगों से बातचीत की | हालांकि, गांव में अब भी तनाव का माहौल है | भारी पुलिस फोर्स और पीएसी घटनास्थल पर तैनात है | मुस्लिम समाज के लोग अपने घरों को छोड़कर चले गए हैं | घटनास्थल वाले इलाके में मुस्लिम समाज के 4 घर हैं, एक घर को छोड़कर सभी लोग ग़ायब हैं |