सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कल ज्ञान आधारित ऐप और प्लेटफॉर्म CUNSULT जारी किया
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कल ज्ञान आधारित ऐप और प्लेटफॉर्म CUNSULT जारी किया। गडकरी ने ज्ञान रूपांतरण के लिए नवाचार, उद्यमिता, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, तथा अनुसंधान और कौशल पर जोर देते हुए कहा कि ज्ञान को सम्पत्ति में बदलना ही भविष्य है।
गडकरी ने कहा कि ज्ञान से ही दुनिया में बदलाव आ रहा है और प्रशासन तथा व्यापारिक संगठनों में सहयोग, समन्वय और संचार महत्वपूर्ण हो गया है।
गडकरी ने मानवीय संबंधों के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने आप में पूर्ण नहीं है और हमें सलाह, परामर्श तथा दूसरों के अनुभवों से सीखना चाहिए।
सूचना एवं प्रसारण सचिव अपूर्व चंद्रा ने कहा कि कंसल्ट ऐप अनुभवी परामर्शदाताओं के लिए अपने अनुभव साझा करने का मंच होगा। उन्होंने कहा कि इस ऐप से लोगों को विशेषज्ञों के पूरे जीवन में प्राप्त अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा।
CUNSULT ऐप वैश्विक स्तर पर पहला माध्यम है जिससे लोग सूचना, सलाह, परामर्श और मार्गदर्शन ले सकते हैं तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से संपर्क कर सकते हैं।
प्रत्येक विशेषज्ञ के बारे में लेख और वीडियो-ब्लॉग द्वारा उनके योगदान को बताने वाला एक विशिष्ट पृष्ठ भी तैयार किया गया है जो उनकी बौद्धिक विरासत को दर्शाने तथा उनमें लोगों की रूचि बढ़ाने में सहायक होगा।
CUNSULT ऐप जानकारी चाहने और उसे देने वालों को तुरंत आपस में जोड़ेगा।
इस अवसर पर नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अमिताभ कांत और पूर्व सचिव राघव चंद्रा भी मौजूद थे।
