तोक्यो खेलों में कुश्ती में रवि दहिया ने रजत पदक जीता
तोक्यो खेलों में भारतीय खिलाडियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से एक नया अध्याय लिखने में सफलता पाई। कुश्ती में पुरुषों के फ्रीस्टाइल श्रेणी के 57 किलोग्राम भार वर्ग में रवि दहिया ने रजत पदक जीता। स्वर्ण पदक के मुकाबले में रूस ओलंपिक समिति के ज़ावुर युगऐव ने रवि को पराजित किया।
भारत का तोक्यो खेलों में ये पांचवां पदक है।
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और खेल मंत्री ने रवि दहिया को उनकी अनुपम उपलब्धि पर बधाई दी है।
हरियाण के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रवि को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार उन्हें इस अनूठी उपलब्धि पर सम्मानित करेगी और कई सुविधाएं भी प्रदान करेगी।
86 किलोग्राम वजन वर्ग में कांस्य पदक के लिए हुए बाउट में दीपक पुनिया को हार का सामना करना पड़ा है। महिला कुश्ती में भारत को निराशा हाथ लगी। 53 किलोग्राम भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में विनेश फोगाट का सफर हार के साथ समाप्त हो गया। वहीं अंशु मलिक भी 57 किलोग्राम वर्ग में हार गईं।
हॉकी में, भारतीय पुरुष टीम ने जर्मनी को कांटे की टक्कर में 5-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम ने 41 वर्ष बाद ओलंपिक में पदक जीतकर इतिहास रच दिया। भारत के लिए सिमरनजीत सिंह ने दो, हर्दिक सिंह, हरमनप्रीत सिंह और रुपिंदर पाल सिंह ने एक-एक गोल किया।
राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और खेल मंत्री ने कांस्य पदक जीतने पर भारतीय टीम को बधाई दी है। अब सबकी निगाहें महिला हॉकी में कांस्य पदक के लिए होने वाले मुकाबले पर लगी हैं, जिसमें कल भारत का सामना ब्रिटेन से होगा।
गोल्फ में अदिति अशोक अपने बेहतरीन प्रदर्शन से पदक की उम्मीद जगा रही हैं। दूसरे राउंड का खेल खत्म होने तक अदिति, संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। दो दिन के बाद उनका कुल स्कोर नौ अंडर 133 है। वहीं दीक्षा डागर संयुक्त 53वें स्थान पर हैं।
पुरुषों की 20 किलोमीटर पैदल चाल स्पर्धा में भारतीय एथलिटों ने निराश किया। संदीप कुमार 23वें, राहुल 47वें और केटी इरफान 51वें स्थान पर रहे।
पदक तालिका में चीन पहले, अमरीका दूसरे और जापान तीसरे स्थान पर है। दो रजत और तीन कांस्य पदक के साथ भारत 62 वें पायदान पर है।