रायपुर दक्षिण उपचुनाव रिजल्ट: क्या फिर से ‘भगवा’ लहराएगी बीजेपी या कांग्रेस मारेगी मैदान

रायपुर |  रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट पर अब रिजल्ट की बारी आ गई है| 13 नवंबर को मतदान के बाद आज नतीजे का दिन है| शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सेजबहार में वोटों की काउंटिंग है| सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई| सबसे पहले डाकमत पत्रों की गिनती हुई| 264 डाक मत पत्रों की गिनती में बीजेपी उम्मीदवार सुनील सोनी आगे रहे| इसके बाद साढ़े 8 बजे से ईवीएम की गिनती शुरू हुई| पहले राउंड की गिनती में भी बीजेपी के सुनील सोनी कांग्रेस उम्मीदवार आकाश शर्मा से आगे रहे| पहले राउंड में सुनील सोनी को 3583 वोट मिले, जबकि आकाश शर्मा को 2798 वोट मिले|

बीजेपी और कांग्रेस में मेन फाइट: बीजेपी और कांग्रेस के बीच यहां मुख्य मुकाबला देखने को मिल रहा है| बीजेपी की तरफ से इस सीट पर सुनील सोनी उम्मीदवार हैं जबकि कांग्रेस की तरफ से आकाश शर्मा कैंडिडेट है|

कितने राउंड तक वोटों की गिनती ?: रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट के उपचुनाव में वोटों की गिनती कुल 19 राउंड में पूरी होगी| मतगणना कार्य के लिए कुल 14 टेबल पर गिनती हो रही है| इसके अलावा पोस्टल बैलट की गिनती के लिए अलग से एक काउंटर लगाया गया| इस टेबल पर पहले पोस्टल बैलेट की गिनती के बाद ईवीएम में दर्ज वोटों की काउंटिंग की प्रक्रिया होगी|

मतगणना के इंतजाम: मतगणना कार्य कराने के लिए दो सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है| इसके अलावा 4 अतिरिक्त सहायक रिटर्निंग अफसरों को भी नियुक्ति किया गया है| मतगणना केंद्र पर बनाए गए 14 टेबलों में से प्रत्येक पर काउंटिंग सुपरवाइजर की नियुक्ति है| इसके अलावा काउटिंग असिस्टेंट एवं माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती है| ये सभी वोटों की गिनती के कार्य में लगे हुए हैं| मतगणना कार्य को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं| सुरक्षाबलों के जवानों की तैनाती है|