प्रधानमंत्री ने कहा- सरकार देश में कोविड के टीके की पर्याप्‍त उपलब्‍धता सुनिश्चित कराने के लिए प्रतिबद्ध

नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार देश में कोविड के टीकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत सबसे तेज़ दस करोड़ टीकाकरण करने वाला देश है।

पिछले चार दिनों में टीका उत्सव के सकारात्मक परिणाम का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि इस अवधि में टीकाकरण अभियान का विस्‍तार किया गया और नए टीकाकरण केंद्र भी स्थापित किए गए।

उप-राष्ट्रपति की उपस्थिति में प्रधानमंत्री ने कोरोना महामारी का सामना करने को लेकर राज्यपालों और उप-राज्यपालों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेन्‍स के माध्यम से चर्चा में यह बात कही।

पिछले वर्ष कोरोना से लड़ने में नागरिकों के योगदान की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जनभागीदारी की इसी भावना को अभी भी प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी सामुदायिक संगठनों, राजनीतिक दलों, गैर सरकारी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त शक्ति का फायदा उठाने की आवश्यकता है।

प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि महामारी के सूक्ष्म नियंत्रण में सामाजिक संस्थाओं का निर्बाध सहयोग सुनिश्चित करने में राज्यपाल सक्रिय तौर पर कार्य कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं का सामाजिक नेटवर्क अस्पतालों में एंबुलेंस, वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की क्षमता में वृद्धि सुनिश्चित करने में मदद कर सकता है।

मोदी ने कोविड संक्रमण बढ़ने पर कहा कि वायरस के खिलाफ लड़ाई के इस चरण में देश को पिछले साल के अनुभव और बेहतर स्वास्थ्य सेवा क्षमता का लाभ मिल रहा है।

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने अपने सम्‍बोधन में कोविड​ से लड़ने में राज्यपालों को मुख्यमंत्रियों के साथ सक्रिय सहयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि अधिक प्रभावी रणनीति तैयार करने में वे राज्य सरकारों का मार्गदर्शन कर सकते हैं।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि राज्यपाल परिवर्तन के संभावित माध्‍यम के रूप में महामारी से लड़ने में अधिक लोगों को प्रोत्साहित करने में मुख्यमंत्रियों के प्रयासों में सहायक बन सकते हैं।