प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्‍ली में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए तीन हजार से अधिक लाभार्थियों को आवासीय फ्लैट सौपेंगे

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली के कालकाजी में ‘स्‍वस्थाने झुग्गी-झोपड़ी पुनर्वास परियोजना’ के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए तीन हजार 24 नवनिर्मित फ्लैटों का उद्घाटन करेंगे।

मोदी विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में भूमिहीन कैम्प के पात्र लाभार्थियों को फ्लैट की चाबियां सौपेंगे। सभी के लिए आवास उपलब्ध कराने की प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डी.डी.ए.) तीन सौ 76 झुग्गी झोपड़ी क्‍लस्‍टर में यथास्थान झुग्गी-झोपड़ी पुनर्वास कार्य कर रहा है।

डी.डी.ए. कालकाजी एक्सटेंशन, जेलरवाला बाग और कठपुतली कॉलोनी में इस तरह की तीन परियोजनाओं पर काम कर रहा है। कालकाजी एक्सटेंशन परियोजना में तीन झुग्गी-झोपड़ी क्लस्टर- भूमिहीन कैम्प, नवजीवन कैम्प और जवाहर कैम्प में यथास्थान झुग्गी-झोपड़ी पुनर्वास के अंतर्गत चरणबद्ध तरीके से फ्लैट निर्माण कार्य चल रहा है।

परियोजना का पहला चरण पूरा हो चुका है और तीन हजार चौबीस फ्लैट लाभार्थियों को देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इन फ्लैटों के निर्माण में लगभग तीन सौ पैंतालीस करोड़ रुपये की लागत आई है और ये सभी सामुदायिक पार्क, बिजली सब-स्टेशन, मल शोधन संयंत्र, दोहरी जल आपूर्ति पाईपलाइन, लिफ्ट, स्वच्छ जलापूर्ति के लिए भूमिगत जलाशय जैसी सुविधाओं से लैस हैं।