प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पी.एम. किसान सम्मान निधि योजना के तहत आर्थिक लाभ की आठवीं किस्त जारी की
नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के साढ़े नौ करोड़ से अधिक किसानों को आर्थिक लाभ की आठवीं किस्त जारी की।
आठवीं किस्त के तहत विश्व की सबसे बड़ी प्रत्यक्ष नकदी हस्तांतरण योजना के माध्यम से 20 हजार करोड़ से अधिक राशि सीधे लाभार्थी किसानों के खातों में भेजी गई है।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों में इस योजना का लाभ पा रहे किसानों से बातचीत की। इनमें उत्तर प्रदेश के उन्नाव, आंध्र प्रदेश के अनंतपुर और मेघालय में रि-भोई के किसान शामिल हैं।
24 फरवरी 2019 में शुरू की गई पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ करोड़ों किसानों को मिला है, इस योजना के तहत एक साल में छह हजार रुपये तीन किश्तों में सीधे किसानों के खाते में भेजे जाते हैं।
केन्द्र सरकार प्रत्येक किसान को उसकी ज़मीन के हिसाब से इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए इसका दायरा बढ़ाने के लिए वचनबद्ध है। अब तक 11 करोड़ 28 लाख से अधिक किसानों को इस योजना का लाभ मिल चुका है और एक लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के खाते में भेजी गई है।
कोरोना महामारी की पहली लहर के दौरान करीब 43 हजार करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के खाते में भिजवाई गई थी।
