प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज कोविड फ्रंटलाइन वर्करों के लिए अनुकूलित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे
नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोविड से निपटने के लिए तैनात अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज शुभारंभ करेंगे।
यह कार्यक्रम 26 राज्यों के एक सौ 11 प्रशिक्षण केन्द्रों में शुरू किया जाएगा। इसके तहत देशभर में एक लाख से अधिक कोविड योद्धाओं की क्षमता और कौशल विकास का काम किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के तहत घरों में देखभाल की बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं देने, आपात स्वास्थ्य सेवाओं तथा नमूने संग्रहित करने और चिकित्सा उपकरण से जुड़ी सेवाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तीसरे चरण के तहत विशेष रूप से तैयार किया गया है। कार्यक्रम के लिए कुल 276 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान किया गया है।
यह कार्यक्रम भविष्य में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की जरूरतों को पूरा करेगा।
