राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने तुर्कमेनिस्तान के राष्ट्रपति बर्दी मोहम्मदोफ के साथ अश्गाबात में द्विपक्षीय वार्ता की
नई दिल्ली :- राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने आज तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अशगबत में वहां के राष्ट्रपति सरदार बर्दी मोहम्मदोफ के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की।
वार्ता के दौरान भारत और तुर्कमेनिस्तान के बीच कई समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए गए। इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों की स्थिति और संभावनाओं पर चर्चा की गई।
दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर भी विचार विमर्श किया। दोनों देश बहुआयामी साझेदारी, आर्थिक संबंधों और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के प्रयासों को तेज करने पर भी सहमत हुए।
तुर्कमेनिस्तान के राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की वित्तीय खुफिया इकाई और तुर्कमेनिस्तान की वित्तीय निगरानी सेवा के बीच हुए समझौते से दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग के ढांचे को मजबूती मिलेगी।
तुर्कमेनिस्तान के राष्ट्रपति ने कहा कि उनका देश भारत-मध्य एशिया शिखर सम्मेलन ढांचे में भारत के लिए एक महत्वपूर्ण भागीदार है और दोनों देश भारत-मध्य एशिया शिखर सम्मेलन से पारित रूपरेखा के तहत सहयोग को और बढ़ाने पर सहमत हुए हैं।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद मध्य एशिया की सबसे बड़ी मस्जिद किपचक मकबरे का दौरा करने वाले हैं। उनका यहां आईटीईसी, आईसीसीआर के पूर्व छात्रों से भी मिलने का कार्यक्रम है। शाम को तुर्कमेनी राष्ट्रपति द्वारा कोविंद के सम्मान में एक आधिकारिक भोज का आयोजन ओगुज़ान पैलेस में किया जाएगा।
