राष्‍ट्रपति कोविंद शिक्षक दिवस पर 44 शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान करेंगे, शिक्षा मंत्रालय 5 से 17 सितम्‍बर तक शिक्षक पर्व मनाएगा

नई दिल्ली :- शिक्षा मंत्रालय पांच सितम्‍बर को शिक्षक दिवस से 17 सितम्‍बर तक शिक्षक पर्व मनाएगा। यह आयोजन वर्चुअल माध्‍यम से होगा।

मंत्रालय के स्‍कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के अपर सचिव संतोष कुमार सारंगी ने कल नई दिल्ली में पत्रकारों को बताया कि शिक्षकों के मूल्‍यवान योगदान को सम्‍मानित करने और राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को आगे बढाने के लिए मंत्रालय ने इस साल भी शिक्षक पर्व मनाने का निर्णय लिया है।

दो करोड से अधिक शिक्षकों को कोविड रोधी टीका लगाने के अभियान के बारे में  सारंगी ने कहा कि स्‍कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग राज्‍यों में टीकाकरण की प्रगति की निगरानी कर रहा है।

मंत्रालय में संयुक्त सचिव आर.सी मीणा ने बताया कि राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद शिक्षक दिवस पर वर्चुअल माध्यम से 44 शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। उन्‍होंने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान प्रत्‍येक पुरस्‍कार विजेता पर एक वृत्‍तचित्र भी दिखाया जाएगा।

संयुक्त सचिव विपिन कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इस महीने की 7 तारीख को सुबह 11 बजे शिक्षकों, छात्रों, अभिभावकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को संबोधित करेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री विभाग की पांच पहलों का भी शुभारंभ करेंगे। इनमें भारतीय संकेत भाषा शब्‍दकोश, दृष्टिबाधित लोगों के लिए ऑडियो पुस्‍तक, सी बी एस ई के स्‍कूलों की गुणवत्‍ता की मूल्‍यांकन और प्रत्‍यायन प्रणाली और शिक्षक प्रशि‍क्षण कार्यक्रम निष्‍ठा तथा शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाले स्‍वयंसेवियों के लिए विद्यांजलि पोर्टल शामिल हैं।