राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से अलंकृत किया

नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज पूर्व उपप्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किया। वयोवृद्ध नेता आडवाणी के आवास पर जाकर उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस अवसर पर मौजूद थे।

कल राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में पूर्व प्रधानमंत्रियों – पी वी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, कृषि वैज्ञानिक एम. एस. स्वामीनाथन और दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। उनके संबंधियों ने राष्ट्रपति से यह सम्मान ग्रहण किया।

भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक अलंकरण है। यह मानव प्रयास के किसी भी क्षेत्र में असाधारण सेवा और उत्कृष्टतम कार्यो के लिए प्रदान किया जाता है।