HomeENTERTAINMENTनहीं रहे लोकप्रिय सिंगर केके, कंसर्ट में गाते समय हार्ट अटैक से...

नहीं रहे लोकप्रिय सिंगर केके, कंसर्ट में गाते समय हार्ट अटैक से हुआ निधन

नई दिल्ली। लोकप्रिय सिंगर केके का 53 साल की उम्र में एक स्टेज शो करते हुए मंगलवार को निधन हो गया। वे कोलकाता के विवेकानंद कालेज में चल रहे प्रोग्राम में गा रहे थे। इस कंसर्ट के बाद उन्हें हार्ट अटैक आया, जिससे वे गिर गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है।

गायक केके का पूरा नाम कृष्णकुमार कुन्नथ था लेकिन वे केके के रूप में ज्यादा मशहूर थे। वे दिल्ली के रहने वाले थे। वहीं के किरोड़ीमल कॉलेज से उन्होंने ग्रेजुएशन पूरी की थी। वे बचपन से ही प्रसिद्ध गायक किशोर कुमार और संगीतकार आरडी बर्मन से बहुत प्रभावित थे। उन्होंने पहली बार सेकंड क्लास में पढ़ाई के दौरान स्टेप पर गायन की परफॉर्मेंस दी। उसके बाद धीरे-धीरे गायकी का शौक ऐसा परवान चढ़ा कि उन्होंने इसे करियर ही बना लिया।

दिलचस्प बात ये है कि सिंगर बनने से पहले वे करीब 8 महीने तक सेल्समैन का काम कर चुके थे। हालांकि उस काम में उनका मन नहीं लगा और वे जल्द ही समझ गए कि उनका असली प्यार सिंगिंग ही है। वे साल 1994 में मुंबई पहुंचे और फिर सिंगर शिबानी कश्यप के साथ जिंगल्स गाना शुरू किया। इस काम में उनकी पत्नी और परिवार ने भी पूरा साथ दिया। उन्होंने केवल हिंदी ही नहीं बल्कि गुजराती, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मराठी, बंगाली और मलयालम गानों के लिए भी अपनी आवाज दी।

अगर केके के सिंगिंग करियर की बात की जाए तो वे करीब 3 हजार से ज्यादा जिंगल्स गा चुके थे। उन्होंने वर्ष 1999 में संजय लीला भंसाली की फिल्म हम दिल दे चुके सनम का गाना ‘तड़प-तड़प’ गाया। जिसे उन्होंने पहली बार देशभर में पहचान मिली। उसी साल उनकी एक एलबम भी रिलीज हुई। इसी एलबम का एक गाना ‘याद आएंगे वो पल’ युवाओं की जुबान पर बहुत चढ़ा। आज भी स्कूल-कॉलेजों के विदाई समारोहों में गाया जाने वाला वह लोकप्रिय गाना होता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments